मंडी, 16 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के परिवहन एवं उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने शनिवार को बल्ह के रिवालसर में 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बस अड्डे का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इसे जल्द ही रिवालसर की जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके बाद मंत्री ने रिवालसर में 4 दिवसीय बैसाखी मेले के समापन भी किया।
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद तथा आरामदेय परिवहन सेवाएं प्रदान करने पर बल दे रही है।
बिक्रम सिंह ने कहा कि सरकार जनता को बेहतर परिवहन सेवाएं देने के लिए एचआरटीसी (HRTC) के बेड़े में 205 बड़ी बसें और 18 सीटर छोटी बसों की खेप आने वाली है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों बेहतर यातायात सुविधा सुनिश्चित होगी। मंत्री ने भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी की मांग पर रिवालसर समेत पूरे क्षेत्र में कोरोना काल में बंद बस रूटों को बहाल करने साथ साथ नए रूट चलाने का भरोसा दिया। उन्होंने रिवालसर से हरिद्वार बस सेवा को तुरंत चलाने के निर्देश भी विभाग को दिए हैं।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि बल्ह विधानसभा में सवा चार सालों में चहुंमुखी विकास हुआ है।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री एवं जिला परिषद सदस्य प्रियंता शर्मा, नगर पंचायत रिवालसर की अध्यक्ष रीता देवी, उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह यादव, एसडीएम सदर मंडी रितिका जिंदल, भाजपा मंडलाध्यक्ष राजेंद्र राणा, उपाध्यक्ष ढमेेश्वर ठाकुर, महामंत्री रणवीर सिपहिया और कुलदीप ठाकुर, ग्राम केंद्र अध्यक्ष भीखम राम, लोअर रिवालसर पंचायत की प्रधान कौशल्या देवी, उपप्रधान पदम सिंह भाटिया सहित अन्य लोग एवं बड़ी संख्या में रिवालसर वासी मौजूद रहे।