मंडी, 16 अप्रैल : नगर निगम मंडी की पहल पर जल शक्ति विभाग ने शहर की प्राचीन बावड़ियों के जीर्णोद्वार, सौंदर्यकरण व सुधारीकरण का काम शुरू कर दिया है। निगम के वार्ड नंबर 12 भगवाहन मुहल्ला के तहत आने वाली दो प्राचीनतम बावड़ियों शिवा बावड़ी व पैहरू की बांय जिसे लोग ज्यादातर जैंचू नौण के नाम से जानते हैं, के लिए 18-18 लाख रूपए के टेंडर जल शक्ति विभाग ने कर दिए हैं। शिवा बावड़ी का काम शुक्रवार को शुरू कर दिया गया।
नगर निगम की पार्षद माधुरी कपूर ने बताया कि शुक्रवार को जलशक्ति विभाग व निगम के अधिकारियों ने शिवा बावड़ी का निरीक्षण करके इस काम को शुरू करने के निर्देश जारी किए। जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक हाजरी स्वयं मौका पर मौजूद रहे। उन्होंने पार्षद माधुरी कपूर व बीर मंडल संस्था के प्रधान चंद्रशेखर वैद्य से भी इस बारे में चर्चा की।
माधुरी कपूर ने बताया कि पैहरू की बांय का काम भी शुरू किया जा रहा है। इसका भी टेंडर हो गया है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग से आग्रह किया गया है कि इन बावड़ियों का जीर्णोद्वार, सौंदर्यकरण व सुधारीकरण इनके पुरातत्व को संरक्षित रखते हुए किया जाए ताकि इनका इतिहास कायम रहे व लोगों को भी अधिक से अधिक लाभ मिल सके।