ऊना, 15 अप्रैल : उपमंडल गगरेट में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव घर से कुछ दूरी पर मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे नगर पंचायत गगरेट के पार्षद अनिल कुमार ने वार्ड नंबर 4 में एक शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत गगरेट पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त रोबिन जसवाल पुत्र राज कुमार निवासी कलोह के रूप में की। हालांकि मौत कैसे हुई इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। मृतक बाजार में एक दुकान पर सेल्समेन का काम करता था, वह रात अपने घर नहीं पहुंचा था। जब घर वालों ने रात करीब 8:30 बजे उसे फोन पर उससे संपर्क किया, तो उसने जल्द ही घर आने की बात कही थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और शादीशुदा था। वह अपने पीछे पत्नी व दो छोटी बेटियां छोड़ गया है।
बताया जा रहा है कि यहाँ से युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है, वहां पर पास में ही एक घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए है। पुलिस उनकी फुटेज भी खंगाल रही है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। थाना प्रभारी गगरेट मनोज कौंडल ने पुलिस दल सहित घटनास्थल का दौरा किया है। पुलिस घटनास्थल पर एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी खंगाल रही है।