शिमला, 09 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में सभी 68 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करने वाली आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। मंडी में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के रोड शो के महज दो दिन बाद आप के बड़े नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। आप के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी, संगठन महासचिव सतीश ठाकुर और ऊना अध्यक्ष इकबाल सिंह भाजपा में शामिल हो गए। ये तीनों नेता केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर भाजपा में सम्मिलित हुए।
बताया जा रहा है कि तीनों को भाजपा में शामिल करने के सूत्रधार अनुराग ठाकुर बने हैं। अनुराग ठाकुर ने आने फेसबुक पेज पर आप नेताओं के भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की है। अनुराग ठाकुर ने कहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हर कार्यकर्ता को यहां पर सम्मान दिया जाता है तथा आने वाले चुनावों में भाजपा की सरकार बनेगी। उनका यह भी कहना है कि हिमाचल के चुनाव में भी आप उम्मीदवारों की उत्तर प्रदेश की तर्ज़ पर जमानत जब्त होगी। इस ताज़ा सियासी घटनाक्रम से ये साबित हो गया है कि भाजपा की नजर प्रदेश में आप की नींव कमजोर करने की है।
दरअसल पंजाब में प्रचंड जीत के बाद आम आदमी पार्टी सूबे में अपनी पैठ बढ़ाने में लगी है। इसी सिलिसिले में बीते 6 अप्रैल को मंडी में केजरीवाल का रोड शो आयोजित करवाया गया था, जिमसें अच्छी-खासी भीड़ जुटी थी। प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। दोनों प्रमुख दलों बीजेपी और कांग्रेस के नाराज़ नेताओं पर आप नजरें गढ़ाए हुए हैं। टिकट की चाह में दोनों दलों के कुछ स्थानीय नेता आप में शामिल हो रहे हैं। अब आप के प्रदेश अध्यक्ष सहित तीन बड़े नेताओं के भाजपा में शामिल होने से सूबे में आप की तैयारियों को करारा झटका लगा है।
बता दें कि प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां तेज़ होती जा रही हैं। राजधानी शिमला में अगले माह नगर निगम चुनाव होने हैं और आप ने निगम चुनाव में भी प्रत्याशी उतारने के संकेत दिये हैं। चुनावी सरगर्मियों के बीच भाजपा अध्य्क्ष जेपी नड्डा भी हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनका दौरा आज से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलेगा। नड्डा आज शिमला में रोड शो करेंगे। प्रदेश भाजपा ने रोड शो को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।