मंडी, 23 मार्च : सीएम सेवा संकल्प (सीएम हेल्पलाईन) पर शिकायत पहुंचते ही तुरंत प्रभाव से कार्रवाई हुई। सरकारी भूमि पर बनाई जा रही अवैध दीवार को तोड़ दिया गया। मामला मंडी शहर के रविनगर वार्ड का है। यहां अम्बेदकर पार्क के पास बने शौचालय के पास कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा था। अवैध निर्माण के चलते शौचालय तक को कवर कर दिया गया था और उस पर भी एक दीवार लगा दी गई थी।
वार्ड के ही दीपक कुमार उर्फ दीपू हिमाचली ने नगर निगम को 14 मार्च को लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दीपक ने डीसी के फेसबुक पेज पर मेसेज करके शिकायत की। वहां से दीपक की सारी जानकारी लेकर सीएम सेवा संकल्प पर यह शिकायत दर्ज करवा दी गई।
शिकायत दर्ज होने के बाद जैसे ही नगर निगम पर कार्रवाई का दबाव पड़ा तो बुधवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने मौके पर आकर अवैध दीवार को तोड़ने के साथ ही निर्माण कार्य भी रूकवा दिया है।
रविनगर वार्ड की पार्षद नेहा कुमारी ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उपमहापौर विरेंद्र भट्ट के साथ मौके का दौरा किया था। दीवार को तुड़वा दिया गया है। उन्होंने बताया कि सीएम सेवा संकल्प के माध्यम से भी शिकायत प्राप्त हुई थी।
सरकार का आभार
शिकायतकर्ता दीपक कुमार उर्फ दीपू हिमाचली ने अवैध निर्माण रोकने के लिए सरकार, प्रशासन और नगर निगम का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जिस खाली पड़ी भूमि पर लोग अवैध निर्माण कर रहे हैं, वहां पर आए दिन कूड़े कर्कट के ढेर लगे रहते हैं। ऐसे में सरकार यहां पर या तो किसी सुंदर भवन का निर्माण करवाए या फिर यहां पर जिम आदि खोला जाए, ताकि वार्ड के लोगों को उसका लाभ मिल सके और अवैध निर्माण न होने दिया जा सके।