मंडी, 21 मार्च : गोहर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बाल्हड़ी में गोलीकांड के कारण दो लोगों की मौत हो गई है। हालांकि गोलीकांड किस कारण हुआ, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन दो बातें छन-छन कर आ रही हैं।
अपुष्ट जानकारी के अनुसार दो लोग या तो खेतों की रखवाली कर रहे थे या फिर शिकार करने गए थे। एक व्यक्ति से गलती से दूसरे पर गोली चल गई और उसकी मौत हो गई। इससे घबराए दूसरे शख्स ने खुद को भी गोली मार दी।
सारा घटनाक्रम बाल्हड़ी पंचायत के तहत आने वाले डुगांस गांव का है। घटना सोमवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। मरने वालों में (36) विशन लाल पुत्र खेम सिंह गांव सोमनाचन तहसील बालीचौकी और (45) रामकृष्ण पुत्र सरण दास गांव डली ग्राम पंचायत बाल्हड़ी शामिल हैं। जो जानकारी मिली है उसके अनुसार विशन लाल यहां अपने रिश्तेदारों के पास आया हुआ था।
गोलीकांड की जानकारी मिलते ही एसपी शालिनी अग्निहोत्री खुद घटनास्थल पर पहुंची हैं। वहीं गोहर थाना की टीम ने भी मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने गोलीकांड की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी जांच जारी है और जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।