सुंदरनगर (नितेश सैनी): राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला के अवसर पर यहां के नगौण खड्ड में मेला कमेटी की ओर से पशु प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक राजेश्वर गोयल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम के आयोजक डा. संजीव चौहान, डा. नीरज कटोच, हिम हैचरी के उपनिदेशक डा. संजय पंडित डा. विपिन शर्मा व डा. संतोष कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में 18 विभिन्न श्रेणियों में पशु पालकों ने पशुओंं के साथ बढ़चढ़ कर भाग लिया।
पशु प्रदर्शनी में पहली बार शामिल की गई देशी गाय श्रेणी में कल्याण गौसदन सुंदरनगर की गऊएं पहले व दूसरे स्थान पर आंकी गई है। गौसदन के प्रधान अमर जीत सिंह को गौ सेवा भाव से कार्य करने की सूरत में पशु पालन विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। जबकि इस मौके पर हरियाणा ग्रेडिड़ बैल दूध दांत प्रतियोगिता वर्ग में प्रथम स्थान पर रोशन लाल पुत्र रूप लाल जिला बिलासपुर, दो दांत वर्ग में चांबी के कृष्ण कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। चार दांत वर्ग में बिलासपुर के जैंद राम ने प्रथम स्थान हासिल किया। छह दांत वर्ग में बिलासपुर के सुभाष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जर्सी गाय दूध वाली प्रतियोगिता में सुंदरनगर के अप्पर बैहली फिरोज मोहम्मद प्रथम स्थान पर रहे।
जर्सी गाय ड्राई एंड प्रेगनेंट वर्ग में सुंदरनगर महादेव के राजेश कुमार प्रथम स्थान पर रहे। हास्टन फिजन दूध वर्ग में जुखाला के कला देवी प्रथम स्थान पर रहे। जबकि जर्सी ग्रेड हाईफर में चतरोखड़ी के सुरेंद्र कुमार प्रथम स्थान पर रहे। एचएफ दूध वाली प्रतियोगिता में बिलासपुर की कला देवी ने प्रथम, एचएफ गाय प्रेगनेंट वर्ग में सुंदरनगर के गोपाल चंद प्रथम, एचएफ हाईफर वर्ग में रणवीर सिंह प्रथम, मुराह भैंस दूध वर्ग में जुखाला के बाबू राम प्रथम स्थान पर रहे। मुराह ग्रेडिड भैंस ड्राई एंड प्रेगनेंट वर्ग में बिलासपुर के रिशो राम प्रथम स्थान पर रहे। नील रावी दूध देने वाली भैंस के वर्ग में इंद्र सिंह प्रथम स्थान पर रहे। बकरी प्रतियोगिता में सरकाघाट के संजू को प्रथम स्थान हासिल हुआ। भेड़ प्रतियोगिता में सुंदरनगर के सूरज वर्मा प्रथम स्थान पर रहे हैं। प्रतियोगिता के सभी विजेता प्रतिभागियों को मेले के समापन अवसर पर मेला कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।