हमीरपुर (एमबीएम न्यूज) : उपमंडल से गुजरने वाले कुनाह खड्ड में नहाने गए एक युवक की शनिवार को डूब कर मौत हो गई। लाहड़ कोटलू पंचायत के गांव सधवाण का विनोद पुत्र भागीरथ अपने दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने गया था कि वह गहरे पानी में चला गया। जब तक उसके दोस्त कुछ समझ पाते, विनोद पानी में डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने विनोद को बाहर निकाला, लेकिन तब तक विनोद की पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी।
घटना स्थल पर पुलिस टीम ने पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी लालमन शर्मा ने कहा कि थाना प्रभारी मोहिंद्र सिंह राणा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विनोद का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। साथ ही मामले की छानबीन की जा रही है। विनोद की मृत्यु पर लाहड़ कोटलू पंचायत प्रधान डिंपल कुमारी, उप प्रधान सुशील सीलू, पूर्व प्रधान धर्मपाल चौधरी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाऐं व्यक्त की हैं।