बिलासपुर, 19 जनवरी : मेन बाजार घुमारवीं में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष के दौरान दो गुटों में ईंट व पत्थर जमकर चले। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तीव्र गति से हो वायरल हो रहा है। इस संदर्भ में पुलिस प्रवक्ता डीएसपी राजकुमार ने पुष्टि करते बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल आरम्भ कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस घटना के वीडियो के प्रति खबरें अभी तक ने जमीनी स्तर पर जांच की, जिसमें पाया गया कि घटना 18 जनवरी को सोमवार के दिन करीब 11 बजे मेन मार्केट घुमारवीं में घटित हुई है। दो परिवार एक ही कतार में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। दोनों मकानों के बीच में गैलरी की तरह कुछ भूमि है, जिस पर दोनों परिवार अपना-अपना हक जता रहे हैं। एक परिवार उस जमीन पर कुछ निर्माण कार्य आरम्भ करने जा रहा था। एक ओर वीडियो में ईंटें, रेत- बजरी भी स्टोर किए हुए दिखाई पड़ रहे हैं।
शुरुआती दौर में दोनों पक्षों में बहस बाजी आरम्भ होती है। उसके उपरांत जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें सुनाई पड़ती हैं। उसके उपरांत दोनों ओर महाभारत की भांति दोनों ओर से ईंट व पत्थर बरसने आरम्भ हो जाते हैं। वीडियो में वृद्ध पुरुष व महिलाएं भी जमकर ईंट व पत्थर एक दूसरे पर बरसाते हुए नजर आते हैं। वीडियो में देखने योग्य यह भी विषय है कि कुछ समझदार लोग दोनों पक्षों को झगड़ने से रोकने का प्रयास करते हैं। अंततः झगड़े को रोकने में सफल हो जाते हैं। गनीमत समझिए कि इतने बलपूर्वक ईंट व पत्थर एक दूसरे के ऊपर बरसाने के उपरांत भी किसी को अधिक चोट नहीं पहुंची।
जिला में यह घटना सभ्य समाज एवं बुद्धिजीवी वर्ग में एक बड़ी चर्चा का विषय बनी हुई है कि आधुनिक युग में पढ़े लिखे समाज से सम्बंधित होने के बावजूद दोनों परिवारों ने विवाद को समाप्त करने के प्रति आपसी वार्ता की अपेक्षा एक दूसरे के ऊपर ईंट व पत्थर बरसाने का रास्ता चुनकर तालिबानी सभ्यता का परिचय दिया। जो समाज व भविष्य की पीढ़ी के लिए घातक है। डीएसपी राजकुमार ने पुष्टि करते बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल कर दी है।