बिलासपुर, 09 जनवरी : वीर भूमि के नाम से विख्यात बिलासपुर के चंगर सेक्टर स्थित शहीद स्मारक में जिला प्रशासन के तत्वाधान में हिमाचल प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा स्थापित होगा। यहाँ 40 मीटर की ऊंचाई पर तिरंगा लहराएगा। इससे बिलासपुर की एक अलग पहचान मिलेगी। बिलासपुर के चंगर सेक्टर में एक ईंट शहीद के नाम से चलाए गए अभियान के तहत शहीद स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। यहां का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।
प्रदेश के अन्य भागों में अधिकतर तिरंगे झंडे तीस फीट पोल पर स्थापित किया जा रहा है। लेकिन बिलासपुर में सर्वाधिक चालीस मीटर की ऊंचाई पर तिरंगा झंडा लहराया जाएगा। शहीद स्मारक पर स्थापित होने वाले तिरंगे के पोल को एक बड़ी क्रेन द्वारा स्थापित किया जा रहा है। जिसे इस्पात उद्योग छत्तीसगढ़ के जमदेशपुर से मंगाया गया है। गौरतलब है कि बिलासपुर वीरों की धरती है। जहां पर आज तक बहुत से वीर सैनिकों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी है। वहीं परमवीर चक्र जीवित संजय कुमार भी बिलासपुर जिले के बकैण गांव के रहने वाले है।
इसके अलावा भारत की सीमाओं का विस्तार एक और बलूचिस्तान तो दूसरी ओर तिब्बत तक फतेह हासिल कर पहुंचाने वाले वीर योद्धा जनरल जोरावर सिंह जिला बिलासपुर से सम्बन्धित हैं। वहीं दूसरे विश्व युद्ध में ब्रिटिश हुकूमत से बहादुरी का सबसे बड़ा पुरस्कार विजेता कैप्टन वीर सिंह भण्डारी भी जिला बिलासपुर की धरती के लाल थे। एक ईंट शहीद के नाम अभियान के संयोजक प्रेम सिंह रिटायर्ड सूबेदार मेजर ने कहा कि बिलासपुर के शहीद स्मारक में जिला प्रशासन के तत्वाधान में हिमाचल प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा चालीस मीटर स्थापित किया जा रहा है । जो कि बिलासपुर की शान होगी।