सुंदरनगर, 08 जनवरी : सुंदरनगर के भोजपुर बाजार में शनिवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। कुछ महिलाओं से व्यापारियों की दुकानों से चोरी सामान बरामद किया गया है, लेकिन महिलाएं मौका देख कर फरार हो गई। सूचना व्यापारियों द्वारा पुलिस थाना सुंदरनगर को दी गई है।
शनिवार दोपहर तीन महिलाएं भोजपुर बाजार में आई और एक व्यापारी की दुकान से तेल के 5 लीटर के डिब्बे को उठाकर भागने लगी। जैसे ही लोगों ने महिलाओं का पीछा किया तो महिलाओं से कुछ लिफाफे सड़क पर गिर गए ,मगर फिर भी महिलाएं नहीं रुकी और मौके से फरार हो गई। जब व्यापारियों द्वारा लिफाफे को उठाया तो उसमें 3 स्वेटर, एक महंगी चॉकलेट व बर्तन धोने का डिश वॉश बरामद हुआ।
मामले की सूचना व्यापारियों द्वारा पुलिस थाना सुंदरनगर में दी है। वहीं अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सुकेत व्यापार मंडल के संयोजक व प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के संगठन सचिव सुरेश कौशल ने बताया कि महिलाएं पिछले कई दिनों से बाजार में घूम रही थी। शनिवार को महिलाओं का पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस तरह की हो रही घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए और बाजार में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं, ताकि इस तरह की घटना दोबारा बाजार में न हो।