शिमला, 28 दिसंबर : हिमाचल की जयराम सरकार ने नए साल से पहले कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने जेसीसी बैठक में अनुबंध कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगियों व अंशकालिक कर्मियों को लेकर लिए फैसलों की अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अनुबंध कर्मचारियों का नियमितीकरण सेवाकाल दो साल किया गया है। अब तक अनुबंध कर्मचारियों को तीन साल में नियमित किया जाता है। इसी तरह दैनिक वेतन भोगियों का सेवाकाल पांच से घटाकर नियमितीकरण की अवधि चार साल की गई है। अधिसूचना के तहत सभी विभागाध्यक्षों को 30 सितंबर 2021 को दो वर्ष का नियमित सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने के निर्देश दिए गए हैं।
30 सितंबर 2021 को चार साल पूरे करने वाले दैनिक भोगी कर्मियों को नियमित करने को कहा गया है। अब तक दैनिक भोगी कर्मचारियों को 5 साल में नियमित किया जाता है। सभी विभागों में अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाए जाने का सेवाकाल भी एक साल घटा दिया गया है। अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाए जाने का सेवाकाल आठ से सात वर्ष किया गया है। 30 सितंबर सात वर्ष की सेवा पूरी करने वाले ऐसे कर्मचारी दैनिक भोगी बनेंगे।