मंडी, 27 दिसंबर : पीएम नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर छोटी काशी मंडी में बड़े राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा लग गया है। इसके तहत रविवार देर शाम मंडी में प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों सहित केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मंडी सांसद प्रतिभा सिंह और भाजपा के हिमाचल प्रभारी अविनाश राय खन्ना सहित अन्य भाजपा नेता पहुंच गए हैं।
वहीं मंडी पहुंचने पर केंद्रीय युवा एवं खेल तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और प्रदेश को कर्ज के बोझ में झोंकने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज जिस वित्तीय संकट से जूझ रहा है उसका कारण पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा कर्ज लिया जाना है। प्रदेश में पिछले 4 वर्षों में अभूतपूर्व कार्य हुआ है और भाजपा सरकार के पास अपने कार्यकाल की ढेर सारी उपलब्धियां गिनाने के लिए हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बंटी हुई है और उन्हें अपना घर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने में विफल हुई है और बार-बार अध्यक्ष को समय विस्तार दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आगामी विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर कहा कि भाजपा सरकार अगले एक वर्ष में और अधिक बेहतरीन कार्य करेगी और भाजपा पहले से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में अगले 5 वर्षों के लिए एक बार फिर सत्ता हासिल करेगी।
वहीं पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए मंडी से नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह भी देर शाम मंडी पहुंची। प्रतिभा सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मंडी आने पर बतौर सांसद उनका स्वागत किया जाएगा और अपने दौरे के दौरान पीएम प्रदेश को बड़ी सौगातें देने की उम्मीद जताई है। उन्होंने जयराम ठाकुर की प्रदेश सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पिछले 4 वर्षों में कोई नई उपलब्धि हासिल नहीं कर पाई है, जिस कारण उपचुनावों में भाजपा को प्रदेश में हार का मुंह देखना पड़ा है।