मंडी, 25 दिसंबर : पूरे देश में जहां भाजपा के दिग्गज नेता रहे व देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। वहीं मंडी में भी इस दिन को भाजपा ने सुशासन दिवस के रूप में मनाया। शनिवार को इस मौके पर हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर व अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडी में अटल जी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर उनकी 97वीं जयंती मनाई।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि आज के दिन को भाजपा पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मना रही है। जिसके चलते विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी एक नेता, कवी और जनता के दिलों में राज करने के साथ कई गुणों के धनी व्यक्तित्व रहे हैं। जिनके कार्यों और जनता के साथ जुड़ी उनकी भावनाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि सभी ने इस मौके पर अटल जी के बताए मार्ग पर चलने का प्रण भी लिया।
इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मंडी जोनल अस्पताल में शुरू किए सांकेतिक सफाई अभियान में भी भाग लिया। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, नगर निगम मंडी के महापौर दिपाली जसवाल, उप महापौर विरेंद्र भट्ट, पार्षद गण, जिला अध्यक्ष भाजपा रणवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष मुनिश कपूर, महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुमन ठाकुर, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, पंकज शर्मा, प्रशांत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।