शिमला, 30 नवंबर : हिमाचल प्रदेश में दिसम्बर महीने की शुरूआत कड़ाके की ठंड से होगी। मौसम विभाग ने अगले चार दिन राज्य में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में एक से चार दिसम्बर को बारिश-बर्फबारी का दौर चलेगा। विभाग ने दो दिसम्बर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार हिमाचल समेत पूरे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आएगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान से राज्य में लंबे समय से चल रहा शुष्क मौसम का दौर खत्म होगा और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान राजधानी शिमला सहित पर्यटन स्थलों मनाली, डल्हौजी इत्यादि में लोगों व पर्यटकों को बर्फबारी का भी नजारा देखने को मिल सकता है।
राजधानी शिमला में पर्यटक इस मौसम की पहली बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने दो दिसम्बर को भारी बर्फबारी की आशंका से किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और शिमला जिला के ऊंचे इलाकों में लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
उधर, न्यूनतम तापमान में कमी आने से प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान -4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौेर के कलपा में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 1.2, भुंतर में 1.6 डिग्री, शिमला में 7.6 डिग्री, सुंदरनगर में 2.3 डिग्री, धर्मशाला मे ं8.4 डिग्री, उना में 6.8 डिग्री, नाहन में 12.1, पालमपुर में 5.5 डिग्री, सोलन में 3 डिग्री, कांगड़ा में 6.7 डिग्री, मंडी में 5.1 डिग्री, बिलासपुर में 5.5 डिग्री, हमीरपुर में 5 डिग्री, चंबा में 5.3 डिग्री, डल्होजी में 8.2 डिग्री, कुफरी में 4.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 8.6 डिग्री ओैर पांवटा साहिब में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।