शिमला, 29 नवम्बर : प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने राज्य की भाजपा शासित सरकार पर चौपाल विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि अब चुनाव की बेला में मुख्यमंत्री इस क्षेत्र में आए हैं, तो लोकलुभावन घोषणाएं कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहें है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए चार उप चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा को जिस प्रकार करारी हार का मुंह देखना पड़ा है, उसी तरह उसे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।
सोमवार को चोैपाल विधानसभा क्षेत्र के पुलबाहल में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में जन जागरण अभियान की शिरकत करते हुए रजनीश किमटा ने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों ने देश को बर्बाद कर दिया है। नोटबन्दी जैसे अलोकतांत्रिक निर्णयों ने देश की अर्थव्यवस्था चैपट कर दी। उद्योग बंद हो गए। देश की जीडीपी निम्न स्तर पर पहुंच गई।बेरोजगारी का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है।नए रोजगार बंद हो गए है।
किमटा ने कहा कि बढ़ती महंगाई भी भाजपा की ही देन है। तीन काले कृषि कानूनों को लेकर देश के किसानों को एक लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि देश मे न तो आम लोगों की कोई सुनवाई है न ही किसानों, बागवानों की ही।
किमटा ने कहा कि प्रदेश में लोगों की आर्थिकी का मुख्य स्रोत बागवानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही बागवान विरोधी रही है। बागवानों को समय पर कोई भी न तो सुविधा ही मिल रही है और न ही खाद,कीटनाशक। उन्होंने कहा कि आज बागवानों का करोड़ो सरकार के पास भुगतान के लिए पड़ा है। बागवानों की आर्थिकी बिगड़ती जा रही है।