कांगड़ा, 19 नवंबर : नगरोटा बगवां की पंचायत सेराथाना में नाले के साथ झाड़ियों में पुलिस ने मृत तेंदुए को बरामद किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत प्रधान सुशील कुमार ने बताया कि मृत तेंदुआ झाड़ियों में पड़ा मिला। जिस इलाके से बदबू आ रही थी। झाड़ियों के समीप क्लच वायर से बनाई फाई मौके से बरामद की गई। जंगली जानवरों से फसल को बचाने के लिए फाई लगाई जाती है।
माना जा रहा है कि उस में फंसने से तेंदुए की मृत्यु हुई। तेंदुआ का पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात दाह संस्कार किया गया। डीएसपी सुनील राणा ने बताया कि तेंदुए के शरीर से नाखून एवं दांत गायब होने की छानबीन की जा रही है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह काम किसका है।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जल्द ही पुलिस आरोपित तक पहुंच जाएगी।