शिमला, 31 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश में फेस्टिवल सीजन के बीच मौसम के बिगड़ने से लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा। राज्य के पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। पहली व दो नवंबर को मौसम का हाल कुछ ऐसा ही रहेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से शीतलहर चलने के भी आसार हैं। शिमला सहित आसपास के क्षेत्रों में बादलों के बरसने का अनुमान है। इससे ठंड में बढ़ोतरी होगी। मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि राज्य के मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में आगामी दो दिन बारिश व बर्फबारी हो सकती है। हालांकि इस दौरान मैदानी भागों में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। तीन व 4 नवंबर को राज्य में कहीं भी बारिश व बर्फबारी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दीपावली के दिन पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।
इस बीच प्रदेश में दिन में चटख धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है, मगर रात के समय सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलंग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा। रविवार की सुबह यहां न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में तापमान 0.9 डिग्री, मनाली में 2.8 डिग्री, शिमला में 8.4 डिग्री, सुंदरनगर में 7 डिग्री, भुंतर में 6.2 डिग्री, धर्मशाला में 10.8 डिग्री, ऊना में 11.5 डिग्री, नाहन में 14.1 डिग्री, पालमपुर में 9 डिग्री, सोलन में 5.7 डिग्री, कांगड़ा में 11.4 डिग्री, मंडी में 8.7 डिग्री, बिलासपुर में 10.5 डिग्री, हमीरपुर में 9.4 डिग्री, चंबा में 8.4 डिग्री, डल्हौजी में 8 डिग्री, कुफरी में 8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 10.6 डिग्री और पांवटा साहिब में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।