शिमला, 24 अक्टूबर: हिमाचल प्रदेश की चार सीटों पर 30 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों भाजपा व कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। कांग्रेस ने प्रदेश की सतारूढ़ भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना मुफ्त बेबी केयर किट में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। पार्टी ने इसकी सीबीआई से जांच करवाने की मांग उठाई है। कांग्रेस प्रवक्ता कुशल सेठी ने रविवार को शिमला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में खुलासा किया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के तहत उन लोगों को योजना का लाभ मिलता है, जिनके बच्चे सरकारी अस्पताल में जन्मे हो।
उन्होंने कहा कि बेबी केयर किट के तहत जो 15 जरुरत वस्तुएं दी जाती है। उसका न्यूनतम खूदरा मुल्य 1074.98 रुपए है, जबकि जो वस्तुएं योजना के तहत दी जाती है, उनकी गुणवत्ता बहुत ही निम्न दर्जे की है। उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता की वस्तुएं जोकि बेबी केयर किट में दी जाती है, उन्हें बाजार से खरीदने का मूल्य 500 रुपए से भी कम है। उन्होंने कहा इस योजना में करोड़ों रूपए का भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी सीबीआई जांच की जानी चाहिए और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए।
कुशल सेठी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के शासनकाल में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई। पैट्रोल-डीजल लगातार बढ़ती कीमते, खाद्य वस्तुओं के दामों में वृद्धि व रसोई गैस सिलेंडर के दाम 1000 रूपये के पार हो गए हैं। वहीं अब डिपूओं में मिलने वाली दालों के दामों में भी वृद्धि कर भाजपा सरकार में प्रदेश की जनता की महंगाई से कमर तोड़ दी है। जिसका जवाब प्रदेश की जनता आगामी 30 अक्तूबर को देगी। उन्होंने किसानों-बागवानों के मुद्दे पर भी प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार के शासन काल में किसान-बागवान सड़कों पर बैठा अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है, परंतु भाजपा सरकार चूप्पी साधे बैठी है।