नाहन, 20 अक्तूबर : बुधवार दोपहर 13 साल के बालक पीयूष पर बंदरों के हमले का समाचार है। बंदर ने पीयूष को टांग पर काट लिया। इसमें टांग से मांस का हिस्सा भी अलग हो गया। बता दें कि 24 घंटे के अंदर बंदरों के हमले की यह दूसरी घटना है। बीते सुबह भी जैन मंदिर गली में भी बंदरों ने एक महिला को जख्मी कर दिया था। बुधवार दोपहर पीयूष पर बंदरों ने एवीएन स्कूल के नजदीक हमला किया। वो बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन एक बंदर ने टांग में दांत गाड़ दिए।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच एक शादी से लौट रहे नगर परिषद के वर्क सुपरवाइजर सुलेमान ने एक अन्य साथी गौरव के साथ अपने स्कूटर पर पीयूष को अस्पताल पहुंचाया। दीगर है कि को ऑपरेटिव बैंक की न्यू बिल्डिंग से फायर ब्रिगेड कार्यालय तक बंदरों की काफी आमद रहती है। अक्सर ही लोगों को बंदरों से बचने की कोशिश करनी पड़ती है। बड़ा सवाल ये है कि बंदरों की समस्या के निस्तारण के लिए क्यों कोई कदम नहीं उठाए जाते। बंदरों को पकड़ने व नसबंदी के कार्यक्रम चलाए गए थे, लेकिन इसका असर शहर में बंदरों की आबादी पर नहीं पड़ा।
उधर, पीयूष को मेडिकल काॅलेज में तत्काल ही उपचार उपलब्ध करवा दिया गया। लेकिन उसकी आंखों में बंदरों का डर साफ नजर आ रहा था। शहरवासी पहले ही टूटी सड़कों व ट्रैफिक इत्यादि की समस्याओं का सामना कर रहे हैं। वहीं, अब बंदरों के खूंखार होने से शहरवासी सहमे नजर आ रहे हैं।