बिलासपुर, 1 अक्तूबर : राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंडीगढ़ मनाली पर स्वारघाट के समीप पंजपीरी में एक अनियंत्रित कैंटर पहले ढांक से टकराने के बाद बीच सड़क पर अटक गया। वीरवार देर रात हुए इस हादसे में उक्त कैंटर ईंटें लेकर बिलासपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही पंजपीरी स्थान नामक स्थान पर पहुंचा, ज्यादा उतराई में अनियंत्रित होकर पहले पहाड़ी से टकराया, बाद में बीच सड़क पर अटक गया। इस घटना में कैंटर चालक को चोटें आई हैं।
इस घटना के बाद सड़क मार्ग के दोनो तरफ लंबा जाम लगा गया। जाम की वजह से लोगों को रात भर परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना स्वारघाट के जवान मौके पर पहुंचे, जिन्होंने रात भर जाम को खुलवाने तथा यातयात को सुचारू बनाए रखने के लिए भरसक प्रयास किए। लेकिन विकेंड की छुट्टियों के चलते वाहनों की जायदा आवाजाही के चलते जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। चंडीगढ़-मनाली सड़क मार्ग पर लगे लम्बे जाम ने एक बार फिर वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी।
हाइवे पर जाम लगने का कारण धारकांशी के पास खराब ट्रक के साथ पंजपीरी में ढांक से टकराए ईंटो से लदा कैंटर रहे जिनके बाद इस सड़क मार्ग पर से वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगती चली गई। जाम के चलते शुक्रवार सुबह तक वाहन चालक परेशान होते देखे गए और वाहन धीरे धीरे आगे बढ़ते गए। जाम के चलते बसें अपने निर्धारित समय से लेट होती दिखाई दी तो स्कूली बच्चों सहित नोकरी पेशा लोग मजबूरी में पैदल ही जाते देखे गए। सड़क मार्ग वन वे होने तो ऊपर से छोटी गाड़ियों के पंक्ति में न चलने से जाम बढ़ता चला गया जिसे बाद में पुलिस ने खुलवा दिया गया।