नाहन – सिरमौर जिला के साथ लगते शिमला जिला के सामुई गांव में शांद पर्व सोमवार देर शाम धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। यहां आयोजित इस धार्मिक महापर्व में करीब 10 हजार लोगों ने शिरकत की। सामुई गांव में क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवताओं की करीब 15 पालकियां पहुंची। जिनका यहां ढोल नगाडों के साथ जोरदार स्वागत हुआ। क्षेत्र के लोगों को कई सालों बाद एक साथ सभी देवी देवताओं के दर्शन करने का मौका मिला। सुबह करीब 11 बजे खनेउड को विधिवत ढंग से शिरगुल महाराज के मंदिर व गुग्गा महाराज के मंदिर पर चढाया गया। इस दौरान हजारों लोग ढांगरे व बदूंको को लहराते हुए इस यात्रा में शामिल हुए। दोपहर करीब 1 बजे पूर्णाहुति के साथ शांद पर्व संपन्न हुआ। उसके बाद एक महाभोज का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस पावन पर्व के शुभ अवसर पर सामुई में दिन भर नाच गानों का दौर चला रहा। पांरपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर लोग दिन भर नाच गाने का लुत्फ उठाते रहे। आयोजक बंसत लाल शर्मा, सुखराम शर्मा, राजेंद्र शर्मा, सुनील शर्मा , विनोद शर्मा आदि ने बताया कि शिरगुल महाराज का यहां कई सदियों पुराना मंदिर था जिसकी जगह यह नया शिरगुल मंदिर बनाया गया है। मंदिर के निर्माण के लिए स्थानीय लोगों के अलावा आस पास के क्षेत्र के लोगों ने भी सहयोग किया। वहीं इस 40 फुट की उंचाई वाले पारंपरिक शैली से बने मंदिर की कलाकारी को देख हर कोई हैरान था। यहां पहुंचने वाले लोग इसे देख कलाकारों की भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहे थे।
Previous Articleपरशुराम जयंती पर शोभायात्रा निकाली
Next Article चौगान मैंदान में एक साथ 108 हवन कुंडो में आहूति