संगड़ाह, 23 सितंबर : हिमाचल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि, हिमाचल के विकास में कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों का अहम योगदान हैं। संगड़ाह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, इस क्षेत्र के विधायक व प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे डॉ वाईएस परमार के संघर्ष व प्रजामण्डल आंदोलन की बदौलत ही हिमाचल अस्तित्व में आया है। उन्होंने कहा कि, भाजपा के नेता तो हिमाचल को राज्य बनाए जाने का विरोध कर रहे थे और महा पंजाब के हक में थे।
अग्निहोत्री ने कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के संघर्ष के कारण ही आज हिमाचल मे 48 की बजाय 68 विधानसभा क्षेत्र हैं। उन्होंने कहा कि, भाजपा नेताओं का प्रदेश के अस्तित्व में कोई योगदान नहीं है। अग्निहोत्री ने कहा कि, वर्तमान प्रदेश सरकार अपने चुनावी वादे पूरे नहीं कर पाई है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर मोर्चे पर कमजोर तथा असफल साबित रहे हैं। गुरुवार को क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रेम सिंह की पुण्यतिथि पर शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा की, भाजपा अथवा जयराम सरकार बेरोजगारी व विकास के मोर्चे पर असफल रही है और प्रदेश में डबल इंजन किसी काम का नहीं दिखता।
उन्होंने कहा कि, रोजगार, इन्वेस्टर मीट व प्रदेश के विकास के शिखर जैसे सपने दिखाने वाले मुख्यमंत्री जयराम वास्तव में लोगों को मीठी- मीठी बातों से गुमराह करने की कोशिश करते हैं। दिवंगत डॉ प्रेम सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह व स्थानीय विधायक विनय कुमार सहित कई कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने की अपील की। कांगेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दिवंगत पूर्व विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके क्षेत्र के विकास मे योगदान को याद किया।
गौरतलब है कि, भूस्खलन से संगड़ाह- नाहन मार्ग बंद होने के चलते मुकेश अग्निहोत्री व विक्रमादित्य आदि बाहर से आए नेता श्रदांजलि समारोह में करीब 3 घंटे देरी से पंहुचे।