शिमला, 17 सितम्बर : पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और उनके बेटे व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आवास हाॅली लाज पहुंचे। यहां उन्होंने वीरभद्र सिंह के पुत्र व विधायक विक्रमादित्य सिंह और वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह से मुलाकात की और उनके निधन पर संवेदनाएं व्यक्त की। वीरभद्र सिंह के देहांत के बाद संवेदना जताने अनुराग और धूमल पहली बार हाॅली लाॅज पहुंचे।
वीरभद्र सिंह का आठ जुलाई 2021 को 87 वर्ष की आयु में निधन हुआ था। अगले दिन ऐतिहासिक रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी गई थी। इस दौरान धूमल परिवार की तरफ से अनुराग ठाकुर के छोटे भाई अरुण धूमल श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
बता दें कि जिस दिन वीरभद्र सिंह ने दुनिया को अलविदा किया, उससे एक दिन पहले अनुराग ठाकुर ने मोदी मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री की शपथ ली थी।
दीगर है कि हिमाचल की सियासत कई दशकों तक धूमल और वीरभद्र सिंह के इर्दगिर्द घूमती रही है। राजनीतिक में धूमल का वीरभद्र सिंह के साथ हमेशा छत्तीस का आंकड़ा रहा है। हाल ही में प्रेम कुमार धूमल व अन्यों के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह द्वारा दायर आपराधिक मानहानि मामले को विक्रमादित्य ने वापस ले लिया है।
इस संबंध में प्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष विक्रमादित्य के बयान के बाद न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर की अदालत ने सीजेएम शिमला की अदालत से इस केस को वापिस लेने की अनुमति प्रदान कर दी। दरअसल प्रेम कुमार धूमल व अन्यों ने उनके खिलाफ दायर इस आपराधिक मानहानि मामले में निचली अदालत द्वारा जारी समनिंग आदेशो को हाईकोर्ट के समक्ष चुनौती दी थी। इस मामले में प्रदेश हाईकोर्ट ने प्रेम कुमार धूमल के खिलाफ चल रहे मानहानि के मामले की सुनवाई पर रोक लगा रखी थी।
सीजेएम शिमला की अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रेम कुमार धूमल, अरुण धूमल और अनुराग ठाकुर के विरुद्ध आपराधिक मानहानि का यह मामला दर्ज करवाया था।