मंडी, 10 सितम्बर : जिला उपायुक्त एवं चेयरमैन रेड क्रॉस सोसाइटी व जिला चिकित्सा अधिकारी जोनल अस्पताल मंडी के सौजन्य से केंद्रीय भूतपूर्व अर्ध सैनिक बल संघ एवं केंद्रीय सेवानिवृत्त कर्मचारियों हेतु निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच कैंप का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि इस कैंप के माध्यम से केंद्रीय भूतपूर्व अर्ध सैनिक व केंद्रीय सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की जाएगी। वही इस कैंप में अन्य लोग भी अपने स्वास्थ्य की जांच करवा कर लाभ ले सकते हैं। इस कैंप के आयोजन के लिए उन्होंने जिला उपायुक्त एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी का आभार व्यक्त किया है।
वहीं इस मौके पर केंद्रीय भूतपूर्व अर्धसैनिक बल जिला के अध्यक्ष भूप सिंह सकलानी ने कहा कि केंद्रीय भूतपूर्व अर्ध सैनिक बल व केंद्रीय सेवानिवृत्त कर्मचारियों को केंद्र सरकार स्वास्थ्य स्कीम के अंतर्गत जो सुविधा मिलनी चाहिए वह मिल नहीं रही है। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिक बल केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार से मांग की गई, कि मंडी में वेलनेस सेंटर जल्द खोला जाए जिसका लाभ केंद्रीय भूतपूर्व अर्धसैनिक बल व केंद्रीय सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिल सके। उन्होंने बताया कि इस मांग के बारे में उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को भी अवगत करवा दिया है।