नाहन, 05 सितंबर : “मेहनत व सब्र का फल मीठा होता है” यह चंद लाइने ट्रांसगिरी क्षेत्र के दूरदराज गांव के रहने वाले ओम प्रकाश कन्याल पर सटीक बैठती है। ओम प्रकाश कन्याल ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनका चयन इतिहास के प्रवक्ता के पद पर हुआ है।
प्रकाश ने 2013 में नाहन कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरी की। 2014 में b.ed की डिग्री भी हासिल कर ली। इसके बाद इंग्लिश व हिस्ट्री दो विषयों में एमए कर ली। ओमप्रकाश कन्याल यहां तक भी नहीं रुके अब राजनीति शास्त्र में एमए कर रहे है। लेकिन इसी बीच उन्हें उनकी मेहनत का फल मिल गया। ओपी कन्याल हिस्ट्री के प्रवक्ता बन गए हैं।
उन्होंने लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर यह साबित कर दिखाया है कि मेहनत व सब्र का फल मीठा होता है। आपको बस मेहनत करते रहना है फल एक न एक दिन जरूर मिल जाएगा।
ओपी कन्याल गिरिपार क्षेत्र के छोटे से गांव शिलाहन के रहने वाले हैं। परिवार का मुख्य व्यवसाय कृषि है। ओपी कन्याल काफी लंबे समय से नाहन में रह रहे थे। पढ़ाई के दौरान उन्होंने शहर के नामी कोचिंग सेंटर में बच्चों को शिक्षा भी दी। इस दौरान उन्होंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी। ओमप्रकाश के करीबियों से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह एक मेहनतकश इंसान है। करीबियों ने बताया कि उन्हें पूरा विश्वास था कि एक न एक दिन उन्हें उनकी मेहनत का फल मिल जाएगा।
ओम प्रकाश ने एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क से बातचीत में बताया कि उन्हें खुशी है कि वह प्रवक्ता बन गए हैं। लेकिन अभी भी वह अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे। वह प्रोफेसर बनने तक अपनी मेहनत जारी रखेंगे। ओम प्रकाश प्रोफेसर बनकर अपनी सेवाएं देना चाहते हैं। बता दे कि ओमप्रकाश कन्याल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के भी एक जुझारू कार्यकर्ता रह चुके है।