कांगड़ा/आशीष शर्मा : पूर्व सीपीएस वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगजीवन पाल के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में मारपीट की। यह घटना आक्रोशित करने के साथ-साथ स्तब्ध करने वाली है। सत्ता के अहंकार में किस स्तर की राजनीति तक भाजपा पहुंच चुकी है, यह सोच का विषय है। यह बात कांग्रेस के पूर्व मंत्री जीएस बाली ने कही। बाली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ। जंगलराज और गुंडाराज कल्चर हम बाहरी राज्यों में सुना करते थे आज भाजपा के राज में हिमाचल को भी उसी कैटेगरी में ला दिया गया है।
भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए बाली ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक कृत्य किया गया। हर मोर्चे पर फेल सरकार अपनी नाकामियां छिपाने के लिए ऐसे ओच्छे हथकंडे अपनाने पर उतर आई है। इन गुंडा तत्वों को किसकी शह प्राप्त है? कैसे संस्कार इन्हें दिए गए हैं कि एक पिता की उम्र के व्यक्ति की पीठ पर पीछे से हाथ उठाया गया।
अराजक तत्त्वों और इन छुटभैये गुंडों को आगे करके भाजपा अब राजनीति करेगी एक पूर्व विधायक सीपीएस की आवाज को कुचलने के लिए यह तरीका अपनाया गया तो आम आदमी के विरोध पर इस सरकार के नुमाइंदे और गुंडे क्या क्या नहीं करेंगे। कुल्लू से कांगड़ा तक कानून व्यव्यस्था का कौन सा रूप यह सरकार दिखा रही है। सत्ता के घमंड से उत्पन्न अराजकता की यह स्थिति क्या आगामी चुनावों का ट्रेलर है कि कानून व्यव्यस्था और बिगड़ेगी।
बाली ने कहा मैं सरकार को आग्रह करता हूँ, अगर इन्ही हथकंडों को अपनाना है तो परिणाम आपको भी भुगतने पड़ेंगे। अभी अनुरोध ही करता हूँ, हिमाचल प्रदेश की शालीन और सभ्य राजनीति के इतिहास को सत्ता के मद में कलंकित न करें। इस मामले में शामिल आरोपियों को सत्ता की शह न दें, उन्हें सबक सिखाएं। कानून के दायरे में कड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दें।