शिमला, 23 अगस्त : हिमाचल की राजधानी शिमला के उपनगर टूटू के समीप हथनी धार क्षेत्र में भाजपा के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा का निजी मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस कारण मकान को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। लेकिन गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी अनुसार पूर्व विधायक के मकान के समीप एक नवर्निमित मकान का खुदाई कार्य चल रहा है, जिस कारण वहां पहाड़ी दरकने से बहुत बड़ी चट्टान पूर्व विधायक के मकान की दीवार पर जा गिरी। भूस्खलन की ये घटना रात्रि करीब दो बजे घटित हुई है।
मौजूदा समय में इस भवन में कई परिवार रह रहे हैं, जिन्हें खतरा उत्पन्न हो गया है। शिमला की बालूगंज पुलिस ने भूस्खलन की इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। बलदेव शर्मा हमीरपुर के बड़सर से तीन बार विधायक रहे हैं। वर्तमान में वह हमीरपुर जिला भाजपा अध्यक्ष हैं।