शिमला,22 अगस्त : उपरी क्षेत्र देहा में हुई सड़क दुर्घटना में सेब ढुलाई के ठेकेदार की दर्दनाक मोैत हो गई। हादसा बीती मध्यरात्रि देहा के पलाई कैंची में हुआ। मृतक की पहचान कोटखाई निवासी सुशील (38) के रूप में हुई है। वह पिकअप हायर कर सेब को पलाई से ढली ले जा रहा था। पिकअप में 100 पेटी सेब थी। सुशील पिकअप के पीछे अपनी कार में सवार होकर आ रहा था। जबकि सेब से लदी पिकअप को मंडी जिला का कोटली निवासी हेमराज चला रहा था।
शनिवार रात साढ़े 12 बजे के करीब पिकअप( एचपी 63-7052) पलाई कैंची पहुंची, तो चढ़ाई पर पिकअप बैक होने लगी। इतने में सुशील अपनी कार से उतरा और बेैक होती पिकअप को रोकने के लिए पिछले टायर पर पत्थरों को लगाने की कोशिश करने लगा। लेकिन पिकअप ने संतुलन खोया और वो पलट गई।
इसकी चपेट में आकर सुशील बुरी तरह जख्मी हुआ। उसे ठियोग सिविल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। पिकअप चालक इस हादसे में चोटिल नहीं हुआ है। देहा पुलिस ने इस दुर्घटना को लेकर आईपीसी की धाराओं 279 व 304 ए में मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।