मंडी, 16 अगस्त : अफगानिस्तान पर तालिबान ने अपना कब्जा जमा लिया है। इस घटना से पूरे विश्व में हड़कंप मच गया है। कई देशों के नागरिक अफगानिस्तान में फंसे हैं। इन्हें अफगानिस्तान से सुरक्षित निकालने की कवायद चल रही है। भारत के भी कई लोग वहां फंसे हुए हैं।
वहीं जिला के सरकाघाट उपमंडल के दो युवा भी इस दौरान वहां फंस गए हैं। ऐसे में उनके परिजनों ने राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार जो युवा वहां पर फंसे हैं उनमें एक 36 वर्षीय नवीन ठाकुर पुत्र मान सिंह निवासी वार्ड नम्बर दो सरकाघाट जबकि दुसरा राहुल बुराड़ी पुत्र बलवंत बुराड़ी निवासी रोपा कालोनी सरकाघाट हैं।
यह दोनों युवा अफगानिस्तान में रोजगार करने गए हुए थे, लेकिन अब वहां पर गृह युद्ध शुरू होने के कारण फंस कर रह गए हैं। दोनों की भारत में अपने परिजनों से बात हो रही है और दोनों ने उन्हे वापिस अपने देश पहुंचाने की गुहार लगाई है।
वहीं इन दोनों के परिजनों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सारी स्थिति से अवगत करवाते हुए अपने बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने की मांग उठाई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस मामले को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ उठाकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।