बिलासपुर, 12 अगस्त : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार को बिलासपुर आएंगे। पिता प्रो. नारायण लाल नड्डा की तबीयत खराब होने के चलते उनका अचानक यह दौरा तय हुआ है। नड्डा दिल्ली से हेलीकॉप्टर के माध्यम लुहणू मैदान पहुंचेंगे और वहां से सीधे विजयपुर जाएंगे। इससे पहले निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती पिता का कुशलक्षेम पूछेंगे।
दोपहर बाद नड्डा अपने पिता को इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाएंगे। नड्डा के मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पिता पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे हैं जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए जिला मुख्यालय के निकटवर्ती निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हालांकि अभी उनकी हालत थोड़ी स्थिर है लेकिन पिता की सेहत को लेकर ङ्क्षचतित जगत प्रकाश नड्डा का यह दौरा अचानक तय हुआ है। उन्होंने बताया कि नड्डा आईजीआई एयरपोर्ट दिल्ली से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होंगे। पौने बारह बजे लुहणू मैदान में उतरने का कार्यक्रम है। इसके बाद पिता को लेकर सीधे विजयपुर जाएंगे। कुछ समय तक विजयपुर में रूकेंगे और एक बजकर पचास मिनट पर पिता को लेकर नड्डा लुहणू मैदान पहुंचेंगे। जहां से दो बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पौने चार बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। जहां से पिता को इलाज के लिए अंसारी नगर दिल्ली में स्थित एम्स में ले जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि नड्डा के पिता प्रो. नारायण लाल नड्डा 97 साल के हैं और पिछले काफी समय से बीमार चल रहे हैं। तीन दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी जिस पर परिवार के सदस्य उन्हें तत्काल ईलाज के लिए निजी अस्पताल ले आए। जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है।