शिमला, 06 अगस्त : हिमाचल सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद भारत को हॉकी में कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय पुरुष टीम के सदस्य वरुण कुमार को 75 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान करेगी। वरुण कुमार चम्बा जिला के डलहौजी उपमंडल के मूल निवासी हैं। हालांकि वर्तमान में उनका परिवार पंजाब के जालंधर में सेटल है।
प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में डलहौजी की विधायक आशा कुमारी ने भारतीय हॉकी टीम को पदक जीतने पर बधाई देते हुए प्रदेश सरकार से वरुण कुमार को नकद पुरस्कार देने की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खेल नियमों के प्रावधान के तहत नकद पुरस्कार देने की बात कही थी। बाद में मुख्यमंत्री ने वरुण कुमार को 75 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।
ट्रक ड्राइवर के बेटे ने टोक्यो में बढ़ाया हिमाचल का मान, हॉकी में जीत लाया कांस्य पदक
वरुण कुमार का जन्म डलहौजी उपमंडल की ओसल पंचायत के खलंदर गांव में 25 जुलाई 1995 को हुआ। वरुण ने पढ़ाई डीएवी स्कूल जालंधर से की है। पंजाब के जालंधर में शिक्षा ग्रहण करने के बाद वरुण भारत पेट्रोलियम कंपनी नोएडा में सेवाएं दे रहे हैं।