नाहन, 01 अगस्त : हिमाचल अब धीरे-धीरे पूरी तरह से अनलॉक हो चुका है। मगर हिमाचल पथ परिवहन के नाहन डिपो को देश की राजधानी दिल्ली तक बस सेवा शुरू करने के लिए मुख्यालय से अनुमति का इंतजार है।
बता दें कि नाहन- दिल्ली बस सेवा का रूट दशकों पुराना है। चूंकि यह बस सुबह दिल्ली रवाना होने के बाद दोपहर बाद वापसी का सफर शुरु कर देती है, लिहाजा कारोबारियों व स्टूडेंट्स को इस का काफी फायदा मिलता है। एमबीएम न्यूज नेटवर्क को हरियाणा से बस सेवा ठप होने को लेकर लोगों ने संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा के बहाल न होने से उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रबंधन हालांकि इस बात का भी तर्क दे रहा है कि यह बस सेवा घाटे का सौदा है।
सवाल उठता है कि इतने सालों से बस सेवा को क्यों चलाया जा रहा था। सूत्रों की मानें तो निगम का प्रबंधन भी जानबूझकर बस सेवा को बहाल नहीं करना चाहता। इसके विपरीत लोकल रूट पर नेताओं की सिफारिश मिलने पर धड़ाधड़ रूट शुरू कर दिए जाते हैं।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसी बीच जब बस अड्डा प्रभारी सुखराम से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद तुरंत ही बस सेवा को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन में बस सेवा को बंद किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि करनाल से बसों को डायवर्ट किया जा रहा है।
कुल मिलाकर रोचक की बात यह है कि राज्य के अधिकांश डिपो ने दिल्ली बस सेवा को बहाल कर लिया है, वहीं नाहन डिपो अब तक भी अनुमति की इंतजार कर रहा है। उधर इस बस सेवा का रेगुलर तौर पर इस्तेमाल करने वाले कुछ अन्य यात्रियों ने बताया कि जब अधिकांश रूटों पर बसें चल चुकी है, तो इस बस सेवा को बहाल क्यों नहीं किया जा रहा।