हमीरपुर, 24 जुलाई : उपमंडल भोरंज के युवा सैनिक का बारूदी सुरंग फटने से देहांत हो गया है। शहीद युवक की पहचान 27 वर्षीय कमल वेद बताई गई है। मिली जानकारी के अनुसार शहीद जवान जम्मू के पूंछ में ड्यूटी पर तैनात था। कुछ महीने पहले छुट्टी काट कर ड्यूटी ज्वाइन की थी।
शहीद जवान ज़िला के भोरंज के गांव लगमनवी का रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार गत शुक्रवार देर रात को जब सेना के जवान नियंत्रण रेखा के पास गश्त लगा रहे थे, तभी ये दो जवान बारूदी सुरंग के चपेट में आ गए। विस्फोट के बाद दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी जवानों ने तुरंत दोनों को उप जिला अस्पताल मेंढर पहुंचाया, परंतु डॉक्टरों ने हमीरपुर के जवान कमल वेद को शहीद करार दे दिया।
शहीद जवान सेना की 16 कोर में कार्यरत था। मेंढर उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम होने के बाद जवान के पार्थिव शरीर को उसकी बटालियन को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार घर पर जवान की शादी की तैयारियां चल रही थी। शादी अक्टूबर माह में तय की गई थी। जहाँ एक माँ ने बेटे को सेहरा सजाने के सपने सजाये थे वहीं अचानक मौत की खबर ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। शहीद सैनिक कमल वेद ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। जवान अपने पीछे घर पर माता-पिता, बड़े भाई और दो बहनों को छोड़ गए है।
कमल वर्ष 2015 में हमीरपुर में 15 डोगरा में भर्ती हुए थे। पहली से दसवीं की पढ़ाई लुद्दर महादेव स्कूल में हुई, जबकि जमा दो तक की पढ़ाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोरंज में हुई। कालेज में दाखिला लिया था, लेकिन इस दौरान वह सेना भी भर्ती हो गए थे।