नाहन, 19 जुलाई : हिमाचल में हुनर की कोई कमी नहीं है। सूबे में म्यूजिक के प्रति युवाओं की दीवानगी सिर चढ़कर बोलती है। बीटेक कर चुके शहर के रोहित चौहान ने भी अपनी काबलियत का डंका यू-टयूब पर बजाना शुरू कर दिया है। पेेशे से इंजीनियर रोहित चौहान का गीत ‘‘मजे लो जिंदगी के’’ खूब सराहा जा रहा है।
यू टयूब पर पहले भी शिवरात्रि के मौके पर शिवनाम वाली के माध्यम से भी रोहित ने खूब प्रशंसा बटोरी थी। 17 जुलाई को रोहित ने यू-टयूब पर अपना अगला गीत ‘‘मजे लो जिंदगी के’’ रिलीज किया है। इसमें एक खास संदेश देने की कोशिश की है। इसके मुताबिक व्यस्त जीवन में हर कोई थक गया है। आराम व शांत रहना आवश्यक है।
रोहित को एक दिन में ही इस वीडियो पर हजारों व्यू मिल गए हैं। इसके अलावा 17 जुलाई को ही रोहित का एक अन्य गीत ‘‘मोहब्बत है तुमसे’’ भी रिलीज हुआ है। इसमें भी रोहित ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। बता दें कि रोहित गायक तो हैं ही, साथ ही गीतकार भी हैं। कुछ समय पहले रोहित ने अपना यू-टयूब चैनल बनाया। चरणबद्ध तरीके से रोहित अपने चैनल को प्रमोट कर रहे हैं।
एमबीएम न्यूज से बातचीत में रोहित ने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा को उजागर करना चाहिए। अगर स्वावलंबी बन चुके हैं तो अपने सपनों को साकार करने में ओर भी आसानी होती है। इसके लिए आपको दूसरों से आर्थिक मदद की उम्मीद नहीं करनी पड़ती।