शिमला, 13 जुलाई : हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र दो से 13 अगस्त तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय ने इसे लेकर मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी। इस दौरान कुल 10 बैठकें होंगी। सत्र की शुरूआत दो अगस्त को दोपहर दो बजे होगी। सदन में पहले दिन शोकोदगार होगा। बजट सत्र और मानसून सत्र के बीच दिवंगत हुए विधानसभा सदस्यों व पूर्व सदस्यों को विधानसभा में श्रद्धांजलि दी जाएगी।
हाल ही में विधानसभा के दो सदस्यों वीरभद्र सिंह और नरेंद्र बरागटा का देहांत हुआ है। छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह अर्की से कांग्रेस के विधायक थे। वह हिमाचल विधानसभा के मौजूदा सदस्यों में सबसे बड़े वरिष्ठ हैं।
बीते आठ जुलाई को 87 वर्ष की आयू में वीरभद्र सिंह की लंबी बीमारी के पश्चात निधन हुआ था। इससे पहले पांच जून को हिमाचल विधानसभा के मुख्य सचेतक व भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा का निधन हुआ था। मानसून सत्र के पहले दिन दोनों पक्षों द्वारा दिवंगत सदस्यों की याद में शोक प्रकट कर श्रद्वांजलि अर्पित की जाएगी।
अधिसूचना के मुताबिक पांच व 12 अगस्त को गैर सरकारी दिवस होंगे। 13 अगस्त को सत्र का समापन हो जाएगा।