मंडी, 07 जुलाई : बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर को मंत्री बनाए जाने के बाद पूरे हिमाचल में खुशी की लहर है। इसी के चलते बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह के समय शहर के सेरी मंच पर अनुराग ठाकुर के प्रशंसकों ने पटाखे फोड़े। इसके साथ ही सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर सांसद के केन्द्रीय मंत्री बनने पर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस मौके पर मंडी शहर के सेरी मंच पर अनुराग ठाकुर के प्रशंसक, नगर निगम के उपमहापौर विरेंद्र व अन्य पार्षद और मंडल भाजपा के पदाधिकारी व अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान शहर के सेरी मंच पर कार्यकर्ताओं व प्रशंसकों ने आतिशबाजी कर अनुराग के केन्द्रीय मंत्री बनने पर जश्न मनाया। इसके साथ ही सभी ने एक दूसरे व अन्य लोगों को मिठाई भी बांटी।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रशंसक राजा सिंह मल्होत्रा ने अनुराग ठाकुर को केन्द्रीय मंत्री बनाए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह व राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा जेपी नड्डा का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने अनुराग ठाकुर को ढेरों शुभकामनाएं भी दी।
राजा सिंह मल्होत्रा ने कहा कि अनुराग ठाकुर युवा दिलों की धड़कन हैं और अपनी काबिलियत के दम पर उन्हें केन्द्रीय मंत्री बनाया गया है। वहीं इस मौके पर सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष मनीष कपूर ने भी केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को बधाई दी और उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि इससे हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को लाभ मिलेगा वहीं प्रदेश में संगठन में भी दृढ़ता आएगी। इस मौके पर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।