शिमला, 06 जुलाई : कोरोना बंदिशों में छूट के बाद हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में सैलानी शिमला, मनाली, डलहौजी समेत अन्य हिल स्टेशनों में पहुंच रहे हैं। लेकिन इस दौरान कोविड-19 सुरक्षा प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियां उड़ रही हैं। सैलानी बिना मास्क घूमते नजर आ रहे हैं। इसके चलते पुलिस को भी सख्त रुख अपनाना पड़ रहा है।
राजधानी शिमला घूमने आ रहे कई सैलानी लगातार कोविड-19 के नियमों की उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को यहां के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सामने आया। जहां बिना मास्क घूम रहे पर्यटकों को जब गश्त कर रही पुलिस ने टोका तो वे उल्टा पुलिस जवानों से उलझ गए और नसीहत देने लग गए। पुलिस उल्लंघनकर्ता पर्यटकों को सदर थाने ले गई, जहां इनका चालान काटा गया। इस दौरान पुलिस ने इन्हें चेतावनी देकर छोड़ा। ये पर्यटक हरियाणा के बताए गए हैं।
इस दिनों शिमला में पर्यटकों का तांता लगा हुआ है। पर्यटक बिना मास्क लगाए सार्वजनिक स्थलों पर घूमते देखे जा रहे हैं। हालांकि नियम तोड़ने वाले पर्यटकों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बीते तीन जुलाई को भी मिडिल बाजार में भी मास्क न पहनने को लेकर पर्यटक और कारोबारी के बीच कुछ देर के लिए हंगामा हुआ। विवाद बढ़ता इससे पहले की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत किया।
डीएसपी हैडक्वार्टर कमल वर्मा ने बताया कि राजधानी घूमने आने वाले पर्यटकों से मास्क लगाने की हिदायत दी है। इसके लिए पर्यटकों को जागरूक भी किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क न पहनने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।