शिमला , 6 जुलाई : जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने शिक्षकों को लेकर दिया बयान वापस ले लिया है। कोरोना काल में शिक्षकों की खिल्ली उड़ाने वाले बयान पर विपक्षी दलों व शिक्षक संघों ने गहरी नाराजगी जाहिर की थी। शिक्षक संघ लगातार महेंद्र सिंह को निशाने पर ले रहे थे और बयान जारी कर अपना आक्रोश प्रकट कर रहे थे।
आखिरकार महेंद्र सिंह ने मंगलवार को इस मुद्दे पर अपनी सफाई दी। सचिवालय में आज पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में महेंद्र सिंह ने कहा कि मैंने शिक्षकों को लेकर बात मजाक में कही थी और इसे अन्यथा न लिया जाए। मेरे बयान से अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं।
महेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी भावना किसी भी वर्ग या समाज को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। दरअसल महेंद्र सिंह ने चार जुलाई को बंजार में हुई जनसभा के दौरान कहा था कि जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने काम किया। अन्यों ने तो मजे ही किए।
इस दौरान मास्टरों ने बहुत ही ज्यादा मजे किए। फिर फ्रंटलाइन वर्कर बन गए कि उनको सबसे पहले वैक्सीन लगाई जाए। पता नहीं, उन्होंने क्या काम किया यह तो ईश्वर ही जानता है। मंत्री के इस बयान को लेकर एक वीडियो भी वायरल हुआ था।