शिमला, 24 जून : हिमाचल पुलिस ने पासपोर्ट वेरिफिकेशन में पूरे देश में अपना डंका बजाया है। अभ्यार्थी की वेरिफिकेशन के मामले में हिमाचल पुलिस अन्य तीन राज्यों के साथ देश में पहले स्थान पर रही है। हिमाचल पुलिस 24 घण्टों में अभ्यार्थियों की वेरिफिकेशन रिपोर्ट भेज रही है, जबकि एक साल पहले वेरिफिकेशन रिपोर्ट तैयार करने में 50 दिन लगते थे।
इस कामयाबी से हिमाचल पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार ने वर्ष 2020-21 के दौरान पासपोर्ट वेरिफिकेशन के हिमाचल पुलिस के प्रयासों की सराहना की है। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने 24 जून 2021 को पासपोर्ट सेवा दिवस पर हिमाचल पुलिस को बधाई दी।
प्रदेश पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि संजय कुंडू के डीजीपी का कार्यभार संभालने के बाद पासपोर्ट वेरिफिकेशन के कार्य में तेज़ी लाई गई। वर्ष 2020 में पासपोर्ट वेरिफिकेशन 50 दिन में होती थी। वहीं 31 मार्च 2021 को समाप्त वितीय वर्ष में पासपोर्ट वेरिफिकेशन की प्रकिया को औसतन 5 दिन में पूरा किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि अब 24 घंटों में पासपोर्ट की वेरिफिकेशन की जा रही है। पुलिस का मकसद है कि नागरिकों को जल्द से जल्द पासपोर्ट मिल सके।
सूबे के डीजीपी संजय कुंडू ने इस उपलब्धि के लिए सभी जिला पुलिस प्रमुखों को बधाई दी है। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों से कहा है कि वे ये सुनिश्चित करें कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन 24 घंटों के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस हर साल औसतन 50 हज़ार पासपोर्ट की वेरिफिकेशन करती है।
गौरतलब है हिमाचल प्रदेश आज देश का इकलौता ऐसा राज्य बन गया है, जहां पासपोर्ट की पुलिस वेरिफिकेशन मात्र 24 घंटों में हो रही है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और हरियाणा में यह प्रक्रिया 5 दिनों में पूरी होती है।