शिमला, 13 जून : हिमाचल प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। रविवार को प्रदेश में मानसून का लगभग दो हफ़्ते पहले आगमन हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में मानसून के प्रवेश करने का औसत समय 26 जून है। मगर इस बार समय से 13 दिन पहले मानसून हिमाचल में पहुंच गया है। वर्ष 2008 को भी मानसून ने 13 जून को प्रवेश किया था। वर्ष 2000 में मानसून ने 9 जून को दस्तक दी थी। वर्ष 2020 में 24 जून को मानसून यहां पहुंचा था।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को पूरे प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून ने प्रवेश कर लिया। उन्होंने कहा कि मानसून के प्रभाव से 17 जून तक प्रदेश में भारी बारिश होने की आशंका है। इसे लेकर मैदानी व मध्य पर्वतीय इलाकों के तहत आने वाले 10 जिलों में ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति व किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों में अगले 24 घंटों यानी 14 जून को गरज के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से अंधड़ चलने का अंदेशा है। इन इलाकों में 15, 16 व 17 जुन को येलो अलर्ट रहेगा। उन्होंने कहा कि जून महीने में अब तक सामान्य से 39 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। कंडाघाट में सर्वाधिक 52, कोठी में 30, डलहौजी में 28, आरएल 1700 में 26, नाहन में 23, बिजाई में 22, गग्गल में 21, झंडुता व नादौन में 20-20, सलौणी में 18, बलद्वारा में 17, धर्मपुर व उना में 16-16, नगरोटा सूरियां, शिलारू व खेरी में 15-15, सराहन व बांगटू में 14-14 और सोलन में 12 मिलीमीटर बारिश हुई है।
राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को हालांकि बादल नहीं बरसे, लेकिन तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शिमला में दोपहर बाद धूप खिल गई। शिमला में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री, सुंदरनगर में 31, भुंतर में 30.5, कल्पा में 20.5, धर्मशाला में 27.6, उना में 34.6, नाहन में 28.3, सोलन में 27, कांगड़ा में 33.2, बिलासपुर में 32, हमीरपुर में 31.8, चंबा में 31, डल्हौजी में 18.8 और केलंग में 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।