शिमला, 30 मई : राजधानी के ढली थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापा मार अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। यहां पर सेब के पौधों के बीच अफीम की खेती की गई थी। पुलिस ने मौके से अफीम के 830 पौधे बरामद किए हैं। इन्हें घटनास्थल पर नष्ट कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने प्रेम सिंह नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि ढली इलाके के मुंडाघाट में अफीम की खेती की जा रही है। शनिवार शाम पुलिस की टीम ने मुंडाघाट में दबिश दी और मौके पर पाया कि एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा सेब के पौधों के बीच अफीम की खेती की गई है। पुलिस की दबिश के बाद यहां हड़कंप मच गया।
उधर, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मुंडाघाट में अफीम की खेती पकड़ी है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।