घुमारवीं, 14 मई : राशन का डिपो 3 घंटे खुलेगा तो भीड़ भी लाजमी है। लिहाजा, लोगों ने अपने स्तर पर ही खतरनाक वायरस से बचने का जुगाड़ तलाशा है। सुबह 7 बजे ही उचित मूल्य की दुकानों के बाहर थैलों को लगाने का सिलसिला शुरू हो जाता है।
उपमंडल में कई जगहों से इस तरह की जानकारी सामने आई है। अब कतारों में लोगों को सामाजिक दूरी के नियम के टूटने का डर रहता है तो थैलों को ही कतारबद्ध कर दिया जाता है। हालांकि कुछ लोगों का ये भी मानना है कि इस तरीके से संक्रमण फैलने की आशंका अधिक हो सकती है।
उधर, एक डिपो संचालक संजीव कुमार ने कहा कि लोगों को समझाया जाता है, लेकिन वो अपना बैग रखने से नहीं मानते। उनका कहना था कि राशन के डिपुओं को लगातार सेनिटाइज करवाया जाना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि हिमाचल में राशन डिपुओं के दो सेल्जमैन की भी कोविड से मौत हो चुकी है। अगर, डिपुओं में राशन वितरण का समय बढ़ाया जाए तो समस्या का कुछ हद तक समाधान हो सकता है।