रिकांगपिओ, 14 अप्रैल : किन्नौर के क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ को एक बार फिर कायाकल्प विजेता पर राष्ट्रीय सम्मान मिलेगा। इस का ऐलान हो चुका है। यह दूसरी मर्तबा है कि क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान मिला है।
कायाकल्प नेशनल हेल्थ मिशन का कार्यक्रम है, जिस के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्ता सर्विस, स्वच्छता सहित कई पैरा मीटर देख कर वेल्यू निकाला जाता है। हाल ही में प्रदेश के करीब 50 स्वास्थ्य केंद्रों ने कायाकल्प पर खरे उतरने का दावा किया था। जिस पर राष्ट्रीय स्तर की टीम ने सभी का निरीक्षण किया था। इसी टीम ने रिकांगपिओ के क्षेत्रीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया था।
रिकांगपिओ क्षेत्रीय चिकित्सालय को पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला है। गौर रहे कि क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ में मरीजों के लिए आधुनिक सुविधा के साथ मरीजों को सम्पूर्ण स्वास्थ्य सुविधा, टैस्ट व सफाई व्यवस्था पर पूरी तरह खरा उतरी है। क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ जनजातीय क्षेत्र का ऐसा पहला अस्पताल है, जहां वार्ड में निर्धारित रंग के बिस्तर मरीज़ों को मिलते हैं।
क्या कहते है सीएमओ किन्नौर…
सीएमओ किन्नौर डॉ सोनम नेगी ने कहा कि मरीजों को सम्पूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले, रिकांगपिओ चिकित्सालय ने यह प्रयास किए हैं। यही कारण है कि दूसरी बार कायाकल्प का सम्मान मिला है। मरीज़ों को संपूर्ण स्वच्छता सुविधा मिले, पारदर्शिता कायम रहे, इस ओर बल दिया जाता है। इस अवार्ड का हकदार चिकित्सालय में कार्यरत स्टाफ़ है, जिसमें चिकित्सक, पैरा मेडिकल स्टाफ,सफाई कर्मचारी की है, जिनकी कड़ी मेहनत से राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त की है।
क्यों मिला प्रथम स्थान…
मरीज़ों को बेहतर आधुनिक सुविधा के साथ हर रोज़ बिस्तरों में नई चादर बिछाई जाती है। सप्ताह के सातों दिन विभिन्न रंगों के चादरों के साथ सजे बिस्तर मिलते हैं।