शिमला, 13 अप्रैल : हिमाचल की शिमला पुलिस ने देश भर में अपनी कार्यशैली का डंका बजा दिया है। यहां की पुलिस की कार्यशैली का गुणगान अब पूरे देश में हो रहा है। देश के पुलिस सिस्टम पर केंद्र सरकार की रिपोर्ट खुद इसकी तस्दीक कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की रिपोर्ट में राजधानी शिमला का ढली थाना देशभर में सबसे बेहतर काम करने वाले 10 पुलिस थानों में शुमार हुआ है। यह हिमाचल पुलिस के लिए गौरवान्वित करने वाली बात है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पूर्वनिर्मित मापदंडों के आधार पर साल 2020 के लिए ढली पुलिस स्टेशन को देश के टॉप-10 पुलिस स्टेशनों में शामिल किया गया है। टॉप-10 में जगह बनाने वाला ढली हिमाचल का एकमात्र पुलिस स्टेशन है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में एक प्रशस्ति पत्र ढली पुलिस स्टेशन को जारी किया है।
वहीं ढली पुलिस स्टेशन को सबसे बेहतर काम करने के लिए हिमाचल में भी पहला स्थान दिया गया है। दरअसल महिलाओं के खिलाफ अपराध, समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध, संपत्ति अपराध, गुमशुदा लोगों, अज्ञात लोगों और शवों की बरामदगी के मामलों में ढली थाने ने बेहतरीन कार्य किया है।