बिलासपुर, 25 मार्च : बिलासपुर नगर के डियारा सेक्टर में वीरवार शाम को पुलिस की टीम ने छापेमारी की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अमित कुमार सहित सदर एसएचओ यशवंत सिंह की अगुवाई में यह छापेमारी की गई। डियारा सेक्टर वार्ड नंबर आठ के एक युवक के घर में पुलिस ने लगभग पांच घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्च ऑपरेशन के चलते पुलिस ने युवक की गौशाला में जाकर भी पूरी छानबीन की। इस दौरान पुलिस को युवक के घर से 2.85 लाख कैश, 0.33 ग्राम चरस व 1.56 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
पांच घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने कई साक्ष्य भी जुटाए है। साथ ही खबर लिखे जाने तक पुलिस की टीम उक्त युवक के घर में ही छानबीन कर रही थी। वहीं, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार भी कर लिया है, मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही नलवाड़ी मेले में पुलिस प्रशासन का ही एक कर्मचारी नाबालिग लड़के को चिट्टा बेचता हुआ पकड़ा गया है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए थे। वहीं, सोशल मीडिया पर पुलिस प्रशासन की काफी फजियत भी हुई है। ऐसे में पुलिस प्रशासन द्वारा पकड़े गए आरोपी पुलिस कर्मचारी की मदद से कई अन्य चिट्टे का सेवन व बेचने वालों को अब पकड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार शाम के समय डियारा सेक्टर में की गई छापामारी भी गुप्त रूप से मिली सूचना व उक्त आरोपी से मिली जानकारी के बाद ही की गई है।
बता दें कि बिलासपुर शहर का डियारा सेक्टर नशे का सेवन व आयात-निर्यात मामलों को लेकर कुछ समय से काफी चर्चाओं में रह रहा है। वहीं, पुलिस प्रशासन की भी पैनी नजर इस एरिया में लंबे समय से है। पुलिस प्रशासन ने कुछ समय पहले यहां पर शाम के समय पुलिस जवानों की विशेष ड्यूटी यहां पर लगाई गई है, जो उक्त एरिया में पूरी नजर बनाए हुए है। परंतु फिर भी यहां पर नशे का सेवन और बेचने का सिलसिला लगातार जारी है।
वहीं, अब पुलिस का ही कर्मचारी चिट्टा बेचने के मामले में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस प्रशासन भी हक्का-बक्का हो गया। जिसके चलते बिलासपुर पुलिस कप्तान स्वयं इस मसले को देख रहे है और यहां के अधिकारी को स्वयं मौके स्थल पर जाने के आदेश जारी किए गए है। इसी कड़ी में डियारा सेक्टर में हुई इस छापामारी में एएसपी अमित कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे हुए है।