धर्मशाला, 19 मार्च : कोविड-19 महामारी से लॉकडाउन के बीच 27 हजार से अधिक हिमाचलियों को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने परिवार वालों के साथ मिलाया है। प्रदेश सरकार ने 70 देशों से 3445 हिमाचलियों की घर वापसी करवाई, जबकि बाहरी राज्यों में फंसे 23015 हिमाचलियों को घर वापस लेकर आए।
शुक्रवार को विधान सभा के बजट सत्र में धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया के सवाल के जवाब में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान देश में लगे लॉकडाउन के बीच 70 देशों और देश के विभिन्न राज्यों से हिमाचलियों की घर वापसी करवाई गई। जल शक्ति मंत्री ने बताया कि नई दिल्ली हवाई अड्डा से 2436, अमृतसर हवाई अड्डा से 584 और चंडीगढ़ हवाई अड्डा से 425 हिमाचलियों की घर वापसी हुई है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली 264, हरियाणा 663, तमिलनाडू 148, आन्ध्रप्रदेश 51 जम्मू एंव कश्मीर 86, लदाख 33, उतराखंड 186, उत्तर प्रदेश 57, बिहार 137, महाराष्ट्र 2118, गोवा 2080, केरला 96, कर्नाटक 943, पंजाब-मोहाली-चंडीगड़ 14741, राजस्थान 225, गुजरात 531, असम-मिन्जोरम-अरुणाचल प्रदेश- मणिपुर-त्रिपुरा-मेघालय 185, सिक्किम 28, पश्चिम बंगाल 243, मध्यप्रदेश 98, तेलंगना से 102 हिमाचलियों की घर वापसी करवाई गई है।
विधायक विशाल नैहरिया ने कोविड-19 महामारी के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा किए गए इस पुनीत कार्य के लिए धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बीच जब हिमाचल के लोग विदेशों में फंसे थे, तो उनके घर वाले परेशान थे। सभी को बाहर फंसे अपने परिवार वालों की चिंता सता रही थी। इस बीच मुख्यमंत्री ने विदेशों और बाहरी राज्यों में फंसे हिमाचलियों को वापस लाने का फैसला लिया था, जिसके सफल परिणाम सामने आए।