हमीरपुर , 16 मार्च : खराब सड़कों पर पेवर ब्लॉक्स लगाने के बाद दोपहिया वाहन चालकों की समस्या घटने के बजाय बढ़ती जा रही हैं। हालात ये हैं कि लगभग हर रोज वाहन चालक स्किड होकर अपनी हड्डियां तुड़वाने पर मजबूर हैं। सुबह अचानक बिझड़ी घोडीधबीरी सड़क पर पेवर ब्लॉक्स से स्किड हुए बाइक सवार 15 फ़ीट नीचे गिरते गिरते बचे।
स्थानीय लोगों ने उनको घटनास्थल से उठाकर प्राथमिक उपचार दिया। स्थानीय निवासी रिटायर्ड कैप्टन सुरेंद्र धीमान का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं जबकि मोड़ भी काफी खुला है। कई बार तो दोपहिया वाहन डंगे के नीचे गिर चुके हैं। छानबीन करने पर पाया गया कि पेवर ब्लॉक्स का गैप भरने के लिए यहां मोटा रेत डाला गया है जो कि सड़क पर फैल कर दुर्घटना का कारण बन रहा है। वहीं जानकारी के अनुसार पेवर ब्लॉक्स के गैप को भरने के लिए बारीक रेत डाला जाना होता है।
अब नियमों को दरकिनार करके किये गये इस काम के कारण आम लोग अपनी जान माल का नुकसान करने पर मजबूर हैं। लेकिन हैरानी की बात ये है कि सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को इससे पहले मामले की जानकारी ही नहीं मिल पाई है। स्थानीय लोग व वाहन चालकों नें इस स्थान पर सड़क की सफाई करवाकर गैप के बीच बारीक रेत भरने की मांग की है। सम्बन्धित अधिकारियों के अनुसार अगर ऐसा हो रहा है तो सड़क की सफ़ाई करवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा।