पांवटा साहिब, 27 फरवरी : शनिवार दोपहर डयूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने एक पंजाब नंबर के वाहन (PB0B-DG3606) को बार-बार हूटर बजाने से मना किया तो वाहन में सवार एक निहंग दौड़ते हुए पुलिस कर्मियों के पास पहुंच गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों से बदसलूकी भी की।
आरोप ये भी है कि निहंग द्वारा हाथापाई भी की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बद्रीपुर चैक पर पुलिस कर्मी अपनी डयूटी दे रहे थे। इसी दौरान हूटर बजाते हुए वाहन ने क्राॅस किया। दूसरी बार भी ऐसा होने पर पुलिस कर्मियों ने मना किया। यही बात वाहन में बैठे निहंग को नागवार गुजरी।
जानकारी ये भी है कि मौके पर ही गाड़ी में मौजूद बाबा ने निहंग को जमकर डांट लगाई। साथ ही गलती के लिए माफी भी मांगी। घटना से जुड़ा 39 सैकंड का वीडियो सामने आया है। बताया यह भी जा रहा है कि निहंग पुलिस कर्मी से हाथापाई करने के बाद मौके से फरार भी हो गया।
https://youtu.be/sVMWUqxJyh0
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने पुष्टि करते हुए कहा कि घटना को लेकर मामला दर्ज किया जा रहा है। कानून व्यवस्था को बनाए रखना जिम्मेदारी है। उनका कहना था कि डयूटी देने वाले पुलिस कर्मियों से उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर भी बात की है। पूरा मामला समझने के बाद ही कार्रवाई की जा रही है।
पूछे जाने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने माना कि मौके पर वीडियो बनाने वाले लोगों से भी वो लोग बदसलूकी कर रहे थे।