सुंदरनगर, 25 फरवरी : मंडी जिला के करसोग उपमंडल में एक युवती की मौत हो गई। पांगणा उपतहसील की 19 वर्षीय युवती की जहर निगलने से मौत हो गई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उप तहसील पांगणा की 19 वर्षीय युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिस कारण उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवती पशुओं को चराने जंगल ले गई थी। जहां पर उसने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया और तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी मां को फोन पर सूचित किया कि वह अब घर नहीं लौटेगी, जिस पर मां अन्य लोगों को अपने साथ ले जाकर युवती को पीएचसी पांगणा लाया। जहां पर डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की जहर निगलने से मौत हुई है। सिविल अस्पताल करसोग में पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
उधर करसोग में ही एक 64 वर्षीय वृद्ध महिला की पेड़ से गिरने मौत हो गई है। महिला पेड़ से टहनियां निकालने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया और गिरने से उसकी मौत हो गई। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक महिला की की पहचान सुमित देवी पत्नी शीशराम गांव तुमन डाकखाना गवालपुर के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी करसोग गीतांजलि ठाकुर ने बताया कि पुलिस द्वारा महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच जारी है।